कुम्भ मेले में लहराई अखाड़े की धर्मध्वजा

52 हाथ ऊँची निरंजनी की लहराई धर्मध्वजा

तपोनिधि आनंद अखाड़ा की धर्मध्वजा लहराई
शीर्ष पर मोरपंखों संग रेती पर लहराई धर्मध्वजा

प्रयागराज (धर्म नगरी/डीएन न्यूज)। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरानुसार पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की धर्मध्वजा कुम्भ मेले के सेक्टर-16 स्थित अखाड़े की छावनी में लहराई गई। परंपरा का पालन करते हुए शुक्रवार (28.12.18) को  संन्यासियों की 52 मढिय़ों के अनुसार ही ध्वजदंड की ऊंचाई 52 हाथ रखी गई, जिस पर धर्मध्वजा लहराई। ध्वजदंड पर एक-एक हाथ की दूरी पर बांस की खपच्चियों से तैयार बावन मढिय़ों की बावन तनियां भी बांधी गई। अखाड़े के देव भगवान कार्तिकेय हैं। इसलिए धर्मध्वजा के शीर्ष पर उनके वाहन मोर के पंख बांधे गए। ध्वजदंड को लगाने चारों वेदों के प्रतीक स्वरूप चारों दिशाओं में रस्से (बंद) बांधे गए। मकर संक्रांति, अमावस्या, वसंत पंचमी और महापुरुषों के स्नान पर्वों के साथ इन्हें एक-एक करके खोला जाएगा। अखाड़े की छावनी में धर्मध्वजा की स्थापना के अवसर पर महंत आशीष गिरि, महंत राजेश्वर वन, केशवपुरी, अंबिका पुरी, सुखदेव पुरी, नरेंद्र गिरि, राकेश गिरि आदि उपस्थित रहे।
देखें वीडियो See video-  (महंत दिलीप गिरी द्वारा)


ये भी है परंपरा-
परंपरा के अनुसार धर्मध्वजा लहराने से पहले निरंजनी अखाड़े के अष्टकौशल के श्रीमहंत छावनी में नहीं पहुंचते हैं। इसलिए शुक्रवार को धर्मध्वजा की स्थापना के समय भी अष्टकौशल के श्रीमहंतों में सम्मिलित अ.भा. अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि सहित अन्य महंत नहीं थे। श्रीमहंत अखाड़े के आराध्य देवता और निशान लेकर पेशवाई के साथ ही छावनी में प्रवेश करेंगे।

तपोनिधि आनंद अखाड़ा की धर्मध्वजा लहराई
तपोनिधि आनंद अखाड़ा की धर्मध्वजा भी मेला स्थित छावनी में लहराई। निरंजनी अखाड़े के साथ, लेकिन अलग छावनी में आनंद अखाड़े की धर्मध्वजा निरंजनी अखाड़े की धर्मध्वजा से छोटी रही। अखाड़े के संतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धर्मध्वजा स्थापित किया। पूजा और फिर कुंभ की कुशलता, सर्वमंगल के लिए कामना की। अखाड़े के मेलाधिकारी, महंत जगदीश गिरि और महासचिव महंत शंकरानंद सरस्वती की देखरेख में हुए कार्यक्रम में महंत धनराज गिरि, महंत कालू गिरि, महंत कैलाशपुरी, महंत लक्ष्मण भारती सहित अखाड़े से जुड़े अन्य महंत, साधु, श्रद्धालु मौजूद थे। थानापति महंत राजेश्वरानंद सरस्वती के मुताबिक आनंद अख्राड़े की पेशवाई चार जनवरी को निकलेगी।

No comments